हमीरपुर मेडिकल कॉलेज बनेगा हेल्थ हब, 1000 करोड़ से कैंसर अस्पताल, नर्सिंग व डेंटल कॉलेज का निर्माण

Himachal News

हमीरपुर,

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और प्रस्तावित अत्याधुनिक कैंसर केयर सेंटर की साइट का भी जायजा लिया। उन्होंने घोषणा की कि मेडिकल कॉलेज परिसर में स्टेट ऑफ आर्ट कैंसर अस्पताल के साथ नर्सिंग कॉलेज और डेंटल कॉलेज का निर्माण किया जाएगा, जिस पर लगभग 1000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से हमीरपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को घर के नजदीक ही उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में पुरानी मशीनरी को बदलकर एम्स दिल्ली की तर्ज पर विश्वस्तरीय उपकरण उपलब्ध करवा रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तर-पूर्वी राज्यों के बाद हिमाचल में कैंसर के मामलों की संख्या अधिक है, ऐसे में हमीरपुर में कैंसर अस्पताल की स्थापना से मरीजों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सकेगा। कैंसर केयर सेंटर में मेडिकल, सर्जिकल और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी सहित 11 विशेषज्ञ विभाग स्थापित किए जाएंगे, जिनमें पेन पैलिएशन, न्यूक्लियर मेडिसिन, पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी, स्टेम सेल व बोन मैरो ट्रांसप्लांट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कैंसर की रोकथाम के लिए स्क्रीनिंग, निगरानी और समय पर जांच की व्यवस्था मजबूत की जाएगी। इसी दिशा में हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में राज्य कैंसर सेंटर स्थापित करने को मंजूरी दी गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही है, जिससे लोगों को बेहतर इलाज राज्य के भीतर ही मिल सके। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *