धर्मशाला,
जिला कांगड़ा में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त हेमराज बैरवा ने की और अभिभावकों से बेटियों को अनिवार्य रूप से टीका लगवाने की अपील की।
12,903 बालिकाओं का पंजीकरण
उपायुक्त ने बताया कि जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 12,903 बालिकाओं का पंजीकरण किया जा चुका है, जबकि शेष पात्र बालिकाओं का पंजीकरण भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 75 स्थानों पर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिकतम लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित हो सके।
निःशुल्क उपलब्ध है महंगी वैक्सीन
उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन सामान्यतः बाजार में लगभग 10 हजार रुपये की होती है, लेकिन सरकार द्वारा इसे पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध करवाया जा रहा है। यह टीका महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है, जो कैंसर से होने वाली मृत्यु का एक प्रमुख कारण है।
स्कूलों में जागरूकता पर जोर
उपायुक्त ने शिक्षण संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि अभिभावकों और छात्राओं को टीके की प्रक्रिया, सुरक्षा और लाभों की स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रांति दूर हो सके। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समितियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों और समुदाय के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत
उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आईजीएमसी शिमला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक करोल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी आर.के. सूद, जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।