शिमला,
जेपी यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के कुलपति प्रो. राजेंद्र कुमार शर्मा ने कविन्द्र गुप्ता से लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध पर दिया बल
इस दौरान राज्यपाल ने युवाओं के भविष्य निर्माण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध की अहम भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों को समाज और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कौशल आधारित व रोजगारोन्मुखी शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए।
नवाचार और आधुनिक तकनीकों को अपनाने की जरूरत
राज्यपाल ने छात्रों में नवाचार, शोध और उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा आधुनिक तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय प्रदेश में तकनीकी शिक्षा को आगे बढ़ाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
विश्वविद्यालय की पहलों की दी जानकारी
कुलपति ने राज्यपाल को विश्वविद्यालय में चल रही शैक्षणिक, शोध और विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही इंडस्ट्री-अकादमिक सहयोग को मजबूत करने और तकनीकी शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए उठाए जा रहे कदमों से अवगत कराया।
उच्च शैक्षणिक मानकों की सराहना
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा उच्च शैक्षणिक मानकों को बनाए रखने और कुशल मानव संसाधन तैयार करने में दिए जा रहे योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार आर.के. शर्मा भी उपस्थित रहे।