धर्मशाला में 16-17 अक्टूबर को होगा ई-गवर्नेंस पर राष्ट्रीय सम्मेलन, मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की

Himachal News

शिमला,

हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा स्थित धर्मशाला में 16 और 17 अक्टूबर, 2026 को ई-गवर्नेंस सुधारों पर राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव के.के. पंत ने समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और अधिकारियों को आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि इस दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर के नीति निर्माता और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ डिजिटल शासन के भविष्य, नवाचार और नागरिक-केंद्रित प्रशासनिक सुधारों पर विचार-विमर्श करेंगे। विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में अपनाई गई नई पहलों और सफल प्रयोगों को साझा करने का अवसर भी मिलेगा।

डिजिटल शासन में हिमाचल की पहलों को राष्ट्रीय मंच पर किया जाएगा प्रस्तुत

के.के. पंत ने कहा कि हिमाचल प्रदेश डिजिटल प्रौद्योगिकी पर आधारित प्रशासनिक सुधारों को लागू करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में नई डिजिटल व्यवस्थाएं विकसित करने के साथ मौजूदा प्रशासनिक प्रणालियों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य की कई डिजिटल गवर्नेंस पहलों और प्रशासनिक सुधारों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। सम्मेलन के माध्यम से इन प्रयासों को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने और अन्य राज्यों के अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा।

अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को उपायुक्त कांगड़ा के साथ समन्वय स्थापित कर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान नवाचार आधारित शासन व्यवस्था और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने से जुड़े सुधारों पर व्यापक चर्चा की आवश्यकता पर जोर दिया।

बैठक में सचिव प्रशासनिक सुधार ए. शाइनामोल, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, विभिन्न विभागों के प्रशासनिक सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।