शिमला,
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष कैप्टन रामेश्वर सिंह ठाकुर सहित अन्य सदस्यों ने लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की।
भर्ती प्रक्रियाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक के दौरान आयोग के अध्यक्ष ने राज्यपाल को भर्ती प्रक्रियाओं, परीक्षाओं के संचालन और चयन प्रणाली की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा पारदर्शिता, निष्पक्षता और दक्षता सुनिश्चित करने के लिए लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
आईटी आधारित सिस्टम अपनाने पर जोर
राज्यपाल ने आयोग की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया को और बेहतर बनाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी आधारित आधुनिक प्रणालियों को अपनाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि एक निष्पक्ष और विश्वसनीय भर्ती प्रक्रिया न केवल युवाओं का विश्वास मजबूत करती है, बल्कि सुशासन और राज्य के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
प्रशासनिक मामलों पर भी विचार-विमर्श
बैठक में आयोग से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और संस्थागत मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर आयोग के सदस्य राजेश कुमार शर्मा, पवनेश शर्मा, ममता मोक्टा, राखिल काहलों सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण के अध्यक्ष आर.डी. धीमान ने भी राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की।