राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए लगातार सहयोग दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश को लगभग ₹286 करोड़ की वित्तीय सहायता जारी की गई है, जिससे आधारभूत ढांचे को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
सड़क, पुल और भवन निर्माण पर होगा खर्च
महाजन के अनुसार इस राशि में ₹27.23 करोड़ कैपिटल इन्वेस्टमेंट योजना की दूसरी किस्त तथा ₹259 करोड़ आपदा पुनर्निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ीकरण के लिए स्वीकृत किए गए हैं। यह धनराशि सड़क, पुल, सरकारी भवन और सार्वजनिक ढांचे के विकास कार्यों पर खर्च होगी।
उन्होंने कहा कि यह सहायता स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट योजना के तहत दी गई है और संबंधित एजेंसियों को 10 कार्य दिवस के भीतर धन जारी किया जाना है।
पारदर्शिता के लिए सख्त शर्तें
सांसद ने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं में किसी भी प्रकार का बदलाव करने से पहले केंद्र की मंजूरी जरूरी होगी। उपयोगिता प्रमाणपत्र समय पर न देने पर अगली किस्त रोकी जा सकती है और दोहरी फंडिंग मिलने पर केंद्रीय सहायता में कटौती भी संभव है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए महाजन ने कहा कि एक ओर राज्य सरकार केंद्र से आर्थिक मदद ले रही है, जबकि दूसरी ओर उसी पर आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इसे दोहरी राजनीति बताते हुए कहा कि भाजपा हमेशा तथ्यों के आधार पर बात करती है।
अंत में उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय से हिमाचल प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है और भाजपा प्रदेश हितों के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।