ब्रह्मकुमारी संस्था का मानवता के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान : विक्रमादित्य सिंह

Himachal News

लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा ब्रह्माकुमारी आश्रम सुन्नी में आयोजित पंचम राज्य स्तरीय वार्षिक आध्यात्मिक सम्मेलन की अध्यक्षता की।

विक्रमादित्य सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संस्था द्वारा जनकल्याण का कार्य किया जा रहा है जो प्रदेश तथा देश की प्रगति में कारगर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि संस्था का हमेशा से ही विकासात्मक कार्यों के प्रति भी सहयोग रहा है। विकास को हर पैमाने से देखने की अवश्यकता है तभी विकसित राष्ट्र की कल्पना की जा सकती है।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि इसराइल और फिलिस्तीन मसले पर हमें दोनों दृष्टि से देखने की आवश्यकता है शांति के लिए दोनों ही पहलुओं का अध्ययन भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस तरह की संस्था देश तथा प्रदेश में शांति बनाए रखने के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हैं तथा हमें इन संस्थाओं को मजबूत करने की आवश्यकता है।
विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेश सरकार की तरफ से संस्था को हर संभव सहयोग प्रदान करने का भी आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास की दृष्टि से निरंतर अग्रसर है। पूर्व की स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की सरकार ने शिमला ग्रामीण में 1500 करोड रुपए के विकास कार्य किए थे, जिसको निरंतर आगे ले जाने के प्रयास किया जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में दशहरे के दिन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा शिमला ग्रामीण में 180 करोड रुपए के विकास कार्यों की नींव रखी गई है जिससे क्षेत्र में विकास को और गति प्रदान होगी।
उन्होंने कहा कि भारी आपदा से प्रदेश को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है जिसकी भरपाई के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 4500 करोड रुपए का विशेष पैकेज आपदा प्रभावित परिवारों को लेकर आए हैं जिससे आपदा प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *