शिमला,
मनरेगा के नाम में बदलाव को लेकर कांग्रेस द्वारा दिए गए धरने पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा के जिला अध्यक्ष केशव चौहान ने कांग्रेस के धरने को पूरी तरह भ्रामक, तथ्यहीन और राजनीतिक ड्रामा करार दिया है।
केशव चौहान ने कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार ने मनरेगा को खत्म नहीं किया है, बल्कि इससे कहीं अधिक मजबूत और व्यापक कानून “विकसित भारत–रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)” लागू किया गया है।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस यह जानबूझकर नहीं बता रही कि नई योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को अब 100 नहीं बल्कि 125 दिन की रोजगार गारंटी दी गई है। इसके लिए ₹1.51 लाख करोड़ से अधिक का बजट तय किया गया है, जिसमें ₹95 हजार करोड़ से अधिक का योगदान केंद्र सरकार का है।
उन्होंने कहा कि जब भी केंद्र सरकार गरीबों, किसानों और ग्रामीणों के हित में कोई ठोस सुधार करती है, कांग्रेस उसे खत्म करने का झूठा नैरेटिव बनाकर सड़कों पर उतर आती है। यह कांग्रेस की पुरानी राजनीतिक रणनीति बन चुकी है।
केशव चौहान ने कहा कि नई व्यवस्था से पंचायतों को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रामीण विकास को गति मिलेगी। जल संरक्षण, सड़क, रास्ते, तालाब, ड्रेनेज, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी भवन और आजीविका से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। पंचायतों की ग्रेडिंग के जरिए पिछड़ी पंचायतों को अधिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे क्षेत्रीय असंतुलन खत्म होगा।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि जो पार्टी संसद में अमर्यादित आचरण करती है, कागज फाड़ती है और लोकतंत्र को भीड़तंत्र में बदलने का प्रयास करती है, वही पार्टी आज महात्मा गांधी के नाम पर राजनीति करने का ढोंग कर रही है। यह कांग्रेस की दोहरी मानसिकता और नैतिक दिवालियापन को दर्शाता है।
फंडिंग पैटर्न को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केशव चौहान ने कहा कि 60:40 का मॉडल सहकारी संघवाद की भावना के अनुरूप है, जिससे राज्य सरकार की भागीदारी बढ़ेगी और योजनाओं की निगरानी मजबूत होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार अपनी प्रशासनिक नाकामी और वित्तीय कुप्रबंधन छिपाने के लिए केंद्र सरकार पर आरोप मढ़ रही है।
भाजपा ने कांग्रेस से सवाल किया है कि धरने की अनुमति को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है और कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ के लिए जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है।