धमरोला में सड़क निर्माण का भूमि पूजन, विधायक सुरेश कुमार ने की कई विकास घोषणाएं

Himachal News

भोरंज,
भोरंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश कुमार ने सोमवार को ग्राम पंचायत खरवाड़ के गांव धमरोला में आयोजित ‘विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के दौरान गांव के संपर्क मार्ग निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास के लिए कई अहम घोषणाएं कीं।

विधायक सुरेश कुमार ने बताया कि धमरोला गांव के संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए विधायक क्षेत्र विकास निधि से प्रथम किश्त के रूप में 7 लाख रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण पर जितनी भी धनराशि की आवश्यकता होगी, उसे चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाएगा और बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

इसके साथ ही उन्होंने गांव में पुलिया निर्माण के लिए 3 लाख रुपये तथा मोक्षधाम में शैड निर्माण के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। विधायक ने बताया कि गांव जख्योल (मंझला वास) की सड़क के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं इसी गांव के मोक्षधाम के लिए डेढ़ लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की गई।

विधायक सुरेश कुमार ने आगे बताया कि गांव रमेहड़ा में बने पेयजल ओवरहेड टैंक के लिए एक माह के भीतर पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा किया जाएगा। साथ ही गांव लोहारवीं की सड़क को पक्का करने की भी घोषणा की गई।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान भोरंज विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं, जिससे यह क्षेत्र प्रदेश में एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में उभर रहा है। विधायक ने इसका श्रेय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को देते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही क्षेत्र में निरंतर विकास संभव हो पा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं और मांगें सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विजय बन्याल, महिला कांग्रेस की सुशीला शर्मा, ग्राम पंचायत खरवाड़ की निवर्तमान प्रधान भागां देवी, पंचायत सदस्य रामप्यारी देवी सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।