छात्र जीवन से ही राजनीति में थी रुचि, मां मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा: मुख्यमंत्री सुक्खू

Himachal News

मैहला (चंबा),

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि उनकी मां उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणास्रोत रही हैं। छात्र जीवन से ही उनमें नेतृत्व करने की भावना थी और इसी रुचि ने उन्हें राजनीति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को चंबा जिले के चार दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन भरमौर विधानसभा क्षेत्र की मैहला ग्राम पंचायत में विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान अपने जीवन के अनुभव साझा किए।

मुख्यमंत्री ने राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मैहला और पीएम श्री राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला मैहला के विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने प्रत्येक विद्यार्थी से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनके भविष्य के सपनों तथा करियर को लेकर सवाल पूछे।

कक्षा प्रतिनिधि से मुख्यमंत्री बनने तक का सफर बताया

विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान 12वीं कक्षा के छात्र चाणक्य ने मुख्यमंत्री से पूछा कि उन्हें राजनीति में आने की प्रेरणा कैसे मिली। इस पर सुक्खू ने बताया कि छात्र जीवन से ही उनमें नेतृत्व करने का गुण था और सरकारी नौकरी में उनकी कोई विशेष रुचि नहीं थी।

उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक सफर कक्षा प्रतिनिधि बनने से शुरू हुआ। कॉलेज और विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव जीतने के बाद राजनीति के प्रति उनका रुझान बढ़ा। इसके बाद वह नगर निगम पार्षद बने और चार बार विधायक चुने गए। इसी तरह उन्होंने अपने राजनीतिक सफर में आगे बढ़ते हुए मुख्यमंत्री पद तक का मुकाम हासिल किया।

मैहला स्कूल के अतिरिक्त कमरों के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा

दसवीं कक्षा की छात्रा सुहानी ने विद्यालय में विद्यार्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त कमरों की व्यवस्था न होने का मुद्दा उठाया। उसने मुख्यमंत्री से स्कूल में अतिरिक्त कमरों के निर्माण का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने छात्रा की मांग पर स्कूल में अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मैहला स्कूल को आगामी शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई से संबद्ध किया जाएगा। इसके लिए विद्यालय के नए भवन के निर्माण हेतु भूमि भी आवंटित की जाएगी।

विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का दिया मंत्र

संवाद के दौरान चौथी कक्षा की एक छात्रा ने मुख्यमंत्री से पूछा कि उनके जीवन में सबसे अधिक प्रेरणा किससे मिली। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी माताजी उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा रही हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह देते हुए कहा कि सफलता हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति को जीवन का मूल मंत्र बनाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों के सवालों के विस्तार से जवाब दिए और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

चंबा के तीन विधानसभा क्षेत्रों में 656 करोड़ की परियोजनाएं

मुख्यमंत्री ने अपने चार दिवसीय चंबा प्रवास के दौरान तीसा, भटियात और भरमौर विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए कुल 656 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। इस दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में विकास योजनाओं के माध्यम से बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया।