शिमला,
विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के मामले में शिमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बालूगंज थाना में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक महिला आरोपी को चंडीगढ़ के खरड़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसकी बहन भावना को कनाडा भेजने का झांसा देकर आरोपी ने करीब ₹25 लाख की राशि ठग ली। वीजा लगवाने और विदेश भेजने का भरोसा दिलाकर यह रकम अलग-अलग किस्तों में ली गई, लेकिन बाद में न तो वीजा लगा और न ही पैसे लौटाए गए।
पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए 22 फरवरी को विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीमों को पंजाब और हरियाणा भेजा गया, जहां संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी बार-बार ठिकाने बदल रही थी, मोबाइल सिम बदलती थी और केवल व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से संपर्क रखती थी ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके।
आखिरकार पुलिस ने शिवालिक सिटी, खरड़ में एक फ्लैट पर छापा मारकर आरोपी मंजू कुमारी को गिरफ्तार कर लिया और उसे शिमला लाकर आगे की पूछताछ की जा रही है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस ठगी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। संभावना है कि यह एक संगठित कबूतरबाजी गिरोह का हिस्सा हो सकता है।
यह मामला बालूगंज थाना में 21 नवंबर 2025 को दर्ज किया गया था, जिसमें बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश भेजने के नाम पर किसी भी एजेंट को पैसा देने से पहले उसकी वैधता और लाइसेंस की पूरी जांच जरूर करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।