जनगणना-2027 की तैयारी तेज, पहले चरण के लिए मास्टर ट्रेनर तैयार

Himachal News

शिमला,

जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण और मकानों की गणना को लेकर प्रदेश में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में डॉ. मनमोहन सिंह हिमाचल लोक प्रशासन संस्थान में चार दिवसीय राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण में प्रदेश सरकार के 20 मास्टर ट्रेनर तथा जनगणना कार्य निदेशालय हिमाचल प्रदेश के 6 मास्टर ट्रेनर ने भाग लिया। प्रशिक्षण नेशनल ट्रेनर पंकज कुमार सिन्हा और संयुक्त निदेशक आशीष चौहान द्वारा दिया गया, जिसमें जनगणना की प्रक्रिया, कानूनी प्रावधानों और डेटा संग्रहण की विधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

डिजिटल जनगणना पर विशेष फोकस
प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल मोड में होने वाली जनगणना के लिए तैयार मोबाइल ऐप का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनरों को फील्ड में जाकर ऐप के माध्यम से वास्तविक डेटा संग्रहण का अभ्यास भी करवाया गया, ताकि वे आगे जिला व ब्लॉक स्तर पर कर्मियों को प्रशिक्षित कर सकें।

सटीक आंकड़े ही बनेंगे विकास की नींव
निदेशक दीप शिखा शर्मा ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गिनती नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। यदि आंकड़े सटीक और पूर्ण नहीं होंगे तो विकास योजनाओं के लक्ष्य प्रभावित होंगे। उन्होंने अधिकारियों से निर्धारित समयसीमा में सभी तैयारियां पूरी करने का आह्वान किया।

इस प्रशिक्षण के साथ ही प्रदेश में जनगणना-2027 के पहले चरण को सुचारु रूप से संपन्न कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *