शिमला। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला के आईएसबीटी टूटीकंडी से प्रदेश की नई प्री-पेड टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। इस सेवा के शुरू होने से यात्रियों को सुरक्षित और पारदर्शी परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
इस व्यवस्था के तहत यात्री आईएसबीटी टूटीकंडी स्थित प्री-पेड टैक्सी काउंटर से टैक्सी बुक कर सकेंगे। काउंटर पर किराया जमा करने के बाद यात्री को भुगतान पर्ची दी जाएगी, जिसे टैक्सी चालक को दिखाना अनिवार्य होगा। इसके बाद चालक यात्री को तय गंतव्य तक पहुंचाएगा। यात्रा पूरी होने के बाद चालक पर्ची को काउंटर पर जमा कर भुगतान प्राप्त करेगा।
प्री-पेड व्यवस्था लागू होने से यात्रियों को किराए को लेकर टैक्सी चालकों के साथ किसी भी प्रकार के विवाद का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह सेवा शिमला शहर के भीतर 26 स्थानों को कवर करेगी, जबकि चंडीगढ़ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा और चंडीगढ़ को भी इसमें शामिल किया गया है। इस योजना के तहत कुल 115 टैक्सियां संचालित की जाएंगी, जिनका संचालन टैक्सी यूनियन द्वारा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से किराया दरों में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी क्योंकि सभी दरें परिवहन विभाग द्वारा अधिसूचित की गई हैं। इससे यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी और पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेन्द्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।