शिमला,
राज्यपाल Kavinder Gupta ने कहा कि मीडिया केवल समाचार और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने, जागरूक करने और सकारात्मक परिवर्तन लाने का एक सशक्त माध्यम भी है।
राज्यपाल ने शिमला में बिग एफएम द्वारा आयोजित ‘बिग इम्पैक्ट अवॉर्ड्स-2026’ समारोह की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया।
Kavinder Gupta ने बिग एफएम को आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज सेवा, नवाचार और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को पहचान देने का महत्वपूर्ण मंच हैं। उन्होंने कहा कि समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना समाज को प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में मीडिया, उद्योग, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और युवाओं की अहम भूमिका है।
राज्यपाल ने रेडियो के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रमों ने रेडियो को फिर से जनसंपर्क का प्रभावी माध्यम बनाया है। उन्होंने कहा कि मीडिया जनजागरूकता बढ़ाने और सामाजिक अभियानों को जनआंदोलन में बदलने की क्षमता रखता है।
उन्होंने बिग एफएम द्वारा महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, साइबर सुरक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े अभियानों की सराहना की।
ऊर्जा संरक्षण पर बल देते हुए राज्यपाल ने वैश्विक तेल संकट पर चिंता व्यक्त की और लोगों से सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग और ऊर्जा दक्ष जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ईंधन संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी भी है।
Kavinder Gupta ने युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता जताते हुए कहा कि यह समाज और नैतिक मूल्यों के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि जागरूकता, सकारात्मक सहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से ही नशा मुक्त समाज का निर्माण संभव है।
उन्होंने कहा कि मीडिया नशा मुक्ति अभियान में रचनात्मक भूमिका निभा सकता है और प्रेरणादायक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा दे सकता है। राज्यपाल ने युवाओं से खेल, नवाचार और सामाजिक सेवा गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बिग एफएम की रीजनल प्रोग्रामिंग हेड एवं नेशन लीड-पर्पज इनिशिएटिव्स Sulakshana Brhamta ने राज्यपाल का स्वागत किया। कार्यक्रम में बिग एफएम की क्लस्टर बिजनेस हेड Jai Bharti सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे।