ट्रैक्टर चालकों की समस्याओं पर सरकार करेगी सहानुभूतिपूर्वक विचार: मुख्यमंत्री

Himachal News

शिमला: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से ट्रैक्टर चालकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों से उन्हें अवगत करवाया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भारी भरकम चालानों के कारण उन्हें रोज़ी-रोटी कमाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से ट्रैक्टर चालानों में राहत प्रदान करने और परमिट व्यवस्था को सरल बनाने की मांग उठाई।

इस पर मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने उन्हें आश्वासन दिया कि राज्य सरकार ट्रैक्टर चालकों की समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों के चलते लागू आचार संहिता समाप्त होने के बाद ट्रैक्टर चालान की राशि कम करने और ट्रैक्टर चालकों को परमिट देने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आम लोगों और मेहनतकश वर्ग की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है तथा उनकी आजीविका से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा।