हिमाचल राज्य अनुसूचित जाति आयोग को स्कोच अवार्ड-2026 के सेमीफाइनल में मिली जगह, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

Himachal News

शिमला,

हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने राष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए प्रतिष्ठित स्कोच अवार्ड-2026 के सेमीफाइनल में स्थान बनाया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आयोग के अध्यक्ष, सदस्यों और अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।

राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान, सदस्य दिग्विजय मल्होत्रा, डॉ. विजय डोगरा और कुमारी शालिनी जम्वाल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें इस उपलब्धि की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोग को ‘अनुसूचित जातियों का कल्याण’ विषय पर किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए स्कोच अवार्ड-2026 के सेमीफाइनलिस्ट के रूप में चयनित किया गया है। साथ ही आयोग को स्कोच ऑर्डर ऑफ मेरिट से भी सम्मानित किया गया है।

सामाजिक न्याय के क्षेत्र में कार्यों को मिली राष्ट्रीय पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि अनुसूचित जाति समुदाय के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय और कल्याण के लिए आयोग द्वारा किए जा रहे समर्पित प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि आयोग की यह सफलता अन्य सरकारी संस्थानों को भी जनकल्याण, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।

आयोग के प्रयासों की मुख्यमंत्री ने की सराहना

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आयोग के अध्यक्ष, सदस्यों और अधिकारियों के समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अनुसूचित जातियों के कल्याण और उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य अनुसूचित जाति आयोग भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और उत्साह के साथ कार्य करते हुए हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करता रहेगा।