हमीरपुर
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैल के विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के सामने शिक्षा, करियर, स्वच्छता, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और स्कूल में सुविधाओं से जुड़े सवाल बेबाकी से रखे। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के सवाल सुने और उनकी जिज्ञासाओं का जवाब दिया।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, करियर की योजनाओं और शिक्षा व्यवस्था में हो रहे बदलावों को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने खास तौर पर स्कूल में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू होने के बाद विद्यार्थियों को हो रहे अनुभव के बारे में जानकारी ली।
छात्रा ने पूछा- सफाई को छोटा काम क्यों समझा जाता है?
संवाद के दौरान एक छात्रा ने मुख्यमंत्री से समाज में स्वच्छता से जुड़े नजरिए पर सवाल किया। उसने पूछा कि सफाई के काम को समाज में छोटा क्यों समझा जाता है और हिमाचल प्रदेश को स्वच्छ बनाने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।
छात्रा ने बताया कि उसकी बहन सरकार के एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के तहत कजाकिस्तान गई थी, जहां उसने बेहतर स्वच्छता व्यवस्था देखी। उसने कहा कि हिमाचल प्रदेश को भी अधिक स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने के लिए लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने छात्रा के सवाल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे जन आंदोलन का रूप देना होगा। उन्होंने महात्मा गांधी के स्वच्छता के प्रति विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर के साथ आसपास के क्षेत्र को भी साफ रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि केवल अपने घर की सफाई करना पर्याप्त नहीं है। स्वच्छ वातावरण के लिए मोहल्ले, गांव और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को भी साफ रखना जरूरी है।
विद्यार्थियों को पसंद आया सीबीएसई पाठ्यक्रम
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुभव के बारे में भी पूछा। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें नया पाठ्यक्रम रुचिकर लग रहा है और इसके माध्यम से उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
विद्यार्थियों ने कहा कि सीबीएसई आधारित शिक्षा उन्हें आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार करने के साथ बदलते वैश्विक शैक्षणिक माहौल और चुनौतियों का सामना करने में भी मदद करेगी। विद्यार्थियों ने स्कूल में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
छात्र ने उठाया नीट पेपर लीक का मुद्दा
संवाद के दौरान एक छात्र ने नीट पेपर लीक का मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने रखा। छात्र ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक होने से मेहनत करने वाले विद्यार्थियों पर मानसिक दबाव बढ़ता है और उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक की घटना से देशभर के युवाओं को गहरा आघात लगा और इसके विरोध में युवाओं ने अपनी आवाज उठाई।
उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी और उसके अभिभावक को बच्चे की सफलता की उम्मीद होती है। ऐसे में पेपर लीक जैसी घटनाएं मेहनत करने वाले युवाओं के साथ अन्याय करती हैं।
हिमाचल में पेपर लीक पर कार्रवाई का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब चार वर्ष पहले हिमाचल प्रदेश में भी प्रश्नपत्रों की बिक्री जैसी घटनाएं सामने आई थीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इन मामलों की जांच करवाने के साथ हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर को भंग किया और पेपर लीक से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के माध्यम से मेरिट के आधार पर चयन प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेपर लीक जैसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल के लिए बस और टूटी सीढ़ियों की समस्या भी उठी
विद्यार्थियों ने संवाद के दौरान शिक्षा के साथ स्कूल से जुड़ी व्यावहारिक समस्याएं भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं। एक छात्रा ने रैल स्कूल के लिए रंगस से बस सुविधा शुरू करने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
वहीं, एक प्राथमिक स्कूल के विद्यार्थी ने स्कूल की टूटी हुई सीढ़ियों की समस्या मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सीढ़ियों की जल्द मरम्मत करवाने के निर्देश दिए।
इस दौरान विद्यार्थियों के साथ मुख्यमंत्री का संवाद सहज और खुला रहा। विद्यार्थियों ने शिक्षा व्यवस्था, भविष्य की संभावनाओं और स्कूल की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर सीधे सवाल किए, जबकि मुख्यमंत्री ने उन्हें ध्यानपूर्वक सुनकर संबंधित विषयों पर जवाब दिए।