शिमला,
हिमाचल प्रदेश सरकार ने पेंशनरों के लंबित एरियर भुगतान को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। प्रदेश सरकार के प्रवक्ता के अनुसार 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए क्लास-III पेंशनरों को अक्तूबर 2026 में 30 प्रतिशत बकाया पेंशन एरियर का भुगतान किया जाएगा। इस भुगतान के साथ इन पेंशनरों के एरियर की देनदारी शून्य हो जाएगी।
वहीं, इसी अवधि में सेवानिवृत्त हुए क्लास-I और क्लास-II पेंशनरों को भी अक्तूबर माह में उनके पेंशन एरियर का अतिरिक्त 15 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा।
सितंबर की पेंशन के साथ मिलेगा बकाया
सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों सहित सभी संबंधित पेंशन वितरण प्राधिकरणों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। सितंबर 2026 की पेंशन या पारिवारिक पेंशन, जिसका भुगतान अक्तूबर 2026 में किया जाना है, के साथ पात्र पेंशनरों को स्वीकार्य बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
इस व्यवस्था का उद्देश्य पात्र पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को लंबित वित्तीय लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाना है।
अंतरिम राहत और DR की किस्तों का होगा समायोजन
प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि पहले से भुगतान की जा चुकी अंतरिम राहत (IR) और महंगाई राहत (DR) की किस्तों को सकल पेंशन अथवा पारिवारिक पेंशन के बकाया भुगतान में समायोजित किया जाएगा।
राज्य सरकार ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र पेंशनरों तथा पारिवारिक पेंशनरों को देय बकाया राशि का भुगतान निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर सुनिश्चित किया जाए।
सरकार ने पेंशनरों के योगदान को सराहा
सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार समय-समय पर कर्मचारियों और पेंशनरों को विभिन्न वित्तीय लाभ जारी करती रही है। उन्होंने कहा कि पेंशनरों ने अपने सेवाकाल के दौरान हिमाचल प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और प्रदेश की प्रगति में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
सरकार ने संबंधित पेंशन वितरण प्राधिकरणों से अक्तूबर 2026 में होने वाले भुगतान के दौरान पात्र लाभार्थियों को देय राशि उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने को कहा है।