हिमाचल प्रदेश के होनहार पैरा एथलीट निषाद कुमार ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई पैरा खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की लंबी कूद (टी-47) स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। निषाद कुमार ने 7.11 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर यह उपलब्धि हासिल की।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने निषाद कुमार को इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निषाद की उपलब्धि हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
दृढ़ संकल्प और मेहनत की मिसाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि निषाद कुमार की सफलता उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा है, जो यह मानते हैं कि दिव्यांगता सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती। उनके दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और अथक मेहनत ने यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और समर्पण के साथ कठिन से कठिन चुनौतियों को पार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि निषाद ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर हिमाचल की खेल प्रतिभा को नई पहचान दिलाई है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर पैरा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री सुक्खू ने निषाद कुमार को आगामी खेल प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
उन्होंने कहा कि निषाद की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देती रहेंगी।