मुख्यमंत्री सुक्खू ने जाखू में किया रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन

Himachal News

शिमला ,

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने दशहरा पर्व के अवसर पर शिमला स्थित हनुमान मंदिर जाखू में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन भी किया।

दशहरा पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रावण दहन महज एक परंपरा नहीं है, बल्कि यह अपने भीतर की बुराइयों और अन्याय को समाप्त करने का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व हमें सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा भारतीय संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से पर्व की मूल भावना को आत्मसात करते हुए समाज में सद्भाव, भाईचारे और सकारात्मक सोच को मजबूत करने का आह्वान किया।

ये गणमान्य रहे उपस्थित

इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, विधायक हरीश जनारथा और कमलेश ठाकुर, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, स्थानीय पार्षद अतुल गौतम, नगर निगम के अन्य पार्षद, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, उपायुक्त अनुपम कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।