रामपुर के पूर्व विधायक नंद लाल पंचतत्व में विलीन, देओठी में राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

Himachal News

रामपुर (शिमला),

सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं रामपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे नंद लाल का बुधवार को उनके पैतृक गांव देओठी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गांव पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किए और उन्हें अंतिम विदाई दी।

मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि नंद लाल ने कांग्रेस पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि के रूप में रामपुर क्षेत्र के लोगों के कल्याण और विकास के लिए लगातार काम किया। क्षेत्र के लिए उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

सरल स्वभाव और संसदीय मर्यादा के लिए रहेंगे याद

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि नंद लाल सरल, विनम्र और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ अपने विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

उन्होंने कहा कि विधानसभा में नंद लाल हमेशा गरिमा और मर्यादा के साथ अपनी बात रखते थे। जनहित के मुद्दों पर उनका तार्किक पक्ष और संसदीय परंपराओं के प्रति उनकी समझ उनके अनुभव को दर्शाती थी।

प्रदेश ने अनुभवी जनप्रतिनिधि खोया: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि नंद लाल के निधन से हिमाचल प्रदेश ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और समर्पित जनसेवक खो दिया है। सार्वजनिक जीवन में उनके जाने से पैदा हुई कमी को पूरा करना कठिन है।

उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

अंतिम संस्कार के अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक कुलदीप सिंह राठौर और हरीश जनारथा, हिमकॉन के अध्यक्ष विकेश चौहान, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।