दीपावली के उपलक्ष्य पर मुख्यमंत्री सुक्खू की ओर से श्रमिकों को बड़ी सौगात प्रदेश के 1,444 लाभार्थियों को 6 करोड़ 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान

Himachal News

शिमला,

दीपावली के अवसर पर हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत प्रदान की है। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से प्रदेश के 11 जिलों के 1,444 लाभार्थियों को करीब 6 करोड़ 11 लाख रुपये की सहायता दी गई है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के दिशा-निर्देश पर श्रमिकों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह सहायता जारी की गई। शिमला स्थित मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग एवं श्रम मंत्री हर्षवर्धन चौहान और मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर की मौजूदगी में लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। स्वीकृत सहायता राशि का बड़ा हिस्सा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजा गया।

शिक्षा और विवाह सहायता के लिए सबसे अधिक राशि

कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत श्रमिक परिवारों को शिक्षा, विवाह, चिकित्सा, मृत्यु एवं अंतिम संस्कार और आवास जैसी जरूरतों के लिए आर्थिक सहयोग दिया गया।

योजना के अनुसार, विवाह सहायता के तहत 1 करोड़ 70 लाख 87 हजार रुपये और शिक्षा सहायता के तहत 3 करोड़ 14 लाख 67 हजार 700 रुपये प्रदान किए गए। चिकित्सा सहायता के लिए 54,610 रुपये तथा मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता के लिए 32 लाख 80 हजार रुपये जारी किए गए। अन्य योजनाओं के तहत भी 5 लाख 10 हजार रुपये की मदद दी गई।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत घर बनाने के लिए 67 पात्र श्रमिकों को कुल 86 लाख 58 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए।

मंडी जिले के सबसे अधिक 440 लाभार्थियों को मिली सहायता

जिला स्तर पर मंडी में सबसे अधिक 440 श्रमिकों को 1 करोड़ 61 लाख 18 हजार 200 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। अन्य जिलों में सहायता का विवरण इस प्रकार है:

जिलालाभार्थीसहायता राशि
मंडी4401,61,18,200 रुपये
शिमला18372,97,200 रुपये
बिलासपुर17365,53,800 रुपये
किन्नौर16864,92,200 रुपये
हमीरपुर14864,94,610 रुपये
ऊना1421,05,09,700 रुपये
कांगड़ा6331,00,200 रुपये
चंबा5014,12,600 रुपये
कुल्लू389,45,600 रुपये
सिरमौर2915,38,200 रुपये
सोलन105,95,000 रुपये

श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा देना सरकार की प्राथमिकता: हर्षवर्धन चौहान

उद्योग एवं श्रम मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक तथा सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम कर रही है। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की योजनाओं के माध्यम से श्रमिक परिवारों को बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य उपचार, विवाह और मकान निर्माण जैसी आवश्यकताओं के लिए मदद दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।

बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के हित में विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने पात्र श्रमिकों से बोर्ड की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए जरूरी सहयोग उपलब्ध करवाना बोर्ड का प्रमुख उद्देश्य है।