शिमला, ठियोग में दुष्कर्म की शिकार बनी 19 साल की युवती ने अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया है। पीड़िता ने अज्ञात शख्स पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार शिमला के चियोग में युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। ठियोग पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने बताया है कि जंगल में उसके साथ एक व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। पुलिस द्वारा भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले पीड़िता के पेट में दर्द हुआ था। रात को उसकी हालत खराब हो गई और प्रसव पीड़ा होने पर उसे 108 एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ शिकायत करवाई।
पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत में कहा गया है कि नौ माह पहले उसकी मुलाकात एक अज्ञात शख्स से हुई थी। अज्ञात शख्स बहला- फुसलाकर उसे चियोग के जंगल में ले गया, जहां उसके साथ शारीरिक सम्बंध बनाए। सामने आने पर वह आरोपी को पहचान लेगी।