हिमाचल की जनता को ठगने के बाद झूठों की टोली पहुंची दिल्ली को ठगने : राकेश जम्वाल

Himachal News

कहा…झूठ और ठगी की राजनीति का नया अध्याय: हिमाचल को छलने के बाद अब दिल्ली में अलका लाम्बा और सुखविंदर सुक्खू की जोड़ी

धर्मशाला , 29 जनवरी
भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की जनता को 10 झूठी गारंटियों का सब्ज़बाग दिखाकर ठगा और अब यही ठगों की जोड़ी दिल्ली में नया खेल रच रही है। कांग्रेस की चुनाव प्रभारी रहीं अलका लाम्बा, जो अब दिल्ली के कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी हैं, ने हिमाचल में झूठे वादों की पटकथा लिखी थी। वहीं, हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, जो अपनी ही नाकामी छिपाने के लिए दिल्ली में प्रचार में लगे हैं, अब अपने झूठ का ढोल पीट रहे हैं।

प्रदेश की जनता इस बात से भलीभांति परिचित है कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही अपने वादों को पूरा करने की बजाय प्रदेश को आर्थिक संकट में धकेल दिया। महज दो वर्षों में सुक्खू सरकार ने हिमाचल पर 30,000 करोड़ रुपये का भारी-भरकम कर्ज लाद दिया। यह आंकड़ा चौंकाने वाला इसलिए है क्योंकि वीरभद्र सिंह सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में 27,000 करोड़ और पूर्व जयराम ठाकुर सरकार ने पांच वर्षों में 23,000 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था, लेकिन तब प्रदेश में विकास कार्य निर्बाध रूप से चलते रहे। इसके विपरीत, कांग्रेस सरकार को अब ‘तालाबंदी सरकार’ कहा जाने लगा है, क्योंकि इसने विकास कार्यों को रोकने का ही काम किया है।

कांग्रेस की गलत नीतियों और फिजूलखर्ची ने हिमाचल की अर्थव्यवस्था को गर्त में डाल दिया है। सरकारी खजाना खाली हो गया है और विकास कार्यों के लिए धन नहीं बचा है। सुक्खू सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और अब जनता का ध्यान भटकाने के लिए मुख्यमंत्री दिल्ली में जाकर कांग्रेस उम्मीदवार के प्रचार में जुटे हैं। अलका लाम्बा और सुक्खू की जोड़ी झूठ और ठगी की प्रतीक बन चुकी है। जिस तरह इन्होंने हिमाचल के भोले-भाले लोगों को गुमराह किया, उसी तरह अब दिल्ली की जनता को भी छलने का षड्यंत्र रचा जा रहा है।

भाजपा मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का पूरा अस्तित्व ही झूठे वादों और गुमराह करने की राजनीति पर टिका हुआ है। हिमाचल में कांग्रेस सरकार की असलियत जनता के सामने आ चुकी है और अब दिल्ली की जनता को भी इस ठगी से सतर्क रहना होगा। हिमाचल की जनता कांग्रेस सरकार को माफ़ नहीं करेगी और आने वाले चुनावों में कांग्रेस को इसका कड़ा जवाब मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *