नौहराधार में 6.92 करोड़ से बने सीएचसी भवन का लोकार्पण, संगड़ाह स्कूल बनेगा CBSE स्कूल

Himachal News

शिमला,

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में नौहराधार में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से 6.92 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि सिरमौर जिले के संगड़ाह स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला को सीबीएसई स्कूल बनाया जाएगा।

20 पंचायतों और 47 गांवों के 50 हजार लोगों को लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि छह बिस्तरों की क्षमता वाला यह स्वास्थ्य केंद्र रेणुका विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। इससे आसपास की 20 ग्राम पंचायतों और 47 गांवों के करीब 50 हजार लोगों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में 2 चिकित्सा अधिकारियों और 1 स्टाफ नर्स की नियुक्ति की गई है, ताकि मरीजों को नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। अब स्थानीय लोगों को सामान्य उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

31 मार्च 2027 तक स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ 70 प्रतिशत से अधिक करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए अस्पतालों में डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ाने पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य संस्थानों में स्वीकृत पदों के मुकाबले करीब 35 प्रतिशत स्टाफ ही उपलब्ध था।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का प्रयास है कि 31 मार्च, 2027 तक प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की उपलब्धता 70 प्रतिशत से अधिक की जाए। इसके लिए मेडिकल कॉलेजों, क्षेत्रीय अस्पतालों, जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सुदृढ़ किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का विशेष ध्यान ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने पर है, ताकि लोगों को बेहतर उपचार के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े।

संगड़ाह स्कूल को CBSE का दर्जा देने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने की बात भी कही। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संगड़ाह को सीबीएसई स्कूल बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी अपने घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने संगड़ाह क्षेत्र में प्रतिदिन 5,000 लीटर क्षमता का मिल्क चिलिंग प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और गांवों में लोगों की आय बढ़ाने के अवसर तैयार करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

विधायक विनय कुमार ने जताया आभार

स्थानीय विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने सीएचसी भवन के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र की 20 पंचायतों और 47 गांवों के लगभग 50 हजार लोगों को घर के नजदीक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम में शिमला में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंहमार और निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नौहराधार में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत नेगी और स्थानीय नेता भी उपस्थित थे।