कांग्रेस को ढूंढे नहीं मिल रहे हैं लोक सभा चुनाव के लिए प्रत्याशी : जयराम ठाकुर

Himachal News

सोलन/बीबीएन: नालागढ़ में भारतीय जनता पार्टी के नेता केएल ठाकुर के स्वागत समारोह में नालागढ़ पहुंचे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि जब 04 जून को लोकसभा और हिमाचल के विधानसभा के उप चुनाव के परिणाम आयेंगे तो देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। सुक्खू सरकार के पास अब न बहुमत बचा है और न ही जनता का भरोसा। कांग्रेस ने सत्ता में आने के बाद प्रदेश के हितों से किनारा कर लिया। सरकार सिर्फ़ मित्रों की सरकार बनकर रह गई है। पिछले डेढ़ साल से हिमाचल में ऐसी सरकार चल रही है जिसे जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं हैं। न प्रदेश की मातृशक्ति से है और न ही युवा शक्ति से। सत्ता में आते ही मुख्यमंत्री ने एक के बाद एक जनविरोधी निर्णयों की झड़ी लगा दी। हज़ारों की संख्या में संस्थान बंद करने से हज़ारों युवाओं को नौकरी छीनने का पहला काम सुक्खू सरकार ने किया।

भाजपा में शामिल होने के बाद केएल ठाकुर पहली बार अपने विधान सभा क्षेत्र में पहुंचे। इस मौक़े पर उनके साथ हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी उपस्थित थे। स्थानीय जनता और पदाधिकारियों ने सभी नेताओं का भव्य स्वागत किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि केएल ठाकुर के सम्मान में आया यह जन सैलाब प्रदेश की नाकाम हो चुकी सरकार के विरोध में भी आया है। केएल ठाकुर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ सिपाही हैं।नालागढ़ की जनता उन्हें भरपूर आशीर्वाद देगी। उन्होंने कहा कि सरकार चुने हुए जनप्रतिनिधियों का अपमान कर रही थी और मित्रों का सम्मान कर रही है। विधायक बाहर खड़े रहते हैं और मित्र सरकार चलाने की योजना बनाते हैं। मुख्यमंत्री विधायकों को मिलने तक का समय नहीं देते थे।

मुख्यमंत्री अब प्रदेश में प्रतिशोध की राजनीति कर रहे हैं। हमारी भी पाँच साल सरकार रही।हमने प्रतिशोध की राजनीति को ख़त्म किया। अपने सम्मान की लड़ाई लड़ने पर अपने ही साथी के ख़िलाफ़ मुख्यमंत्री ने मुक़दमे दर्ज करवए। उनके दुकान, मकान और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया। विधायकों के परिवारों और रिश्तेदारों को भी परेशान किया जा रहा है। आज के पहले ऐसे हालत हिमाचल प्रदेश ने नहीं देखे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी के ख़िलाफ़ वोट देने पर हमारे विधायकों को सुरक्षा छीन ली।

जयराम ठाकुर ने कहा कि के एल ठाकुर समेत सभी नौ विधायकों ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाज और प्रदेश की सेवा करने का फ़ैसला लिया है।क्योंकि नरेंद्र मोदी विकास की राजनीति करते हैं।उनका एक मात्र उद्देश्य समाज और राष्ट्र की सेवा करने का है। उनका लक्ष्य भारत को आत्मनिर्भर और विकसित बनाना है जिसके लिए वह दिन रात कार्य कर रहे हैं। आज हिमाचल में केंद्र सरकार द्वारा ऐतिहासिक विकास के काम हुए हैं। सड़कों से लेकर पुलों और फ़ोर लेन से एम्स, अटल टनल, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आवास योजना के ज़रिए हिमाचल और हिमाचल के लोगों की क़िस्मत बदल रही है। इसलिए देश में सिर्फ़ और सिर्फ़ नरेंद्र मोदी की गारंटी चल रही है देश के लोग फिर सिर्फ उसी गारंटी पर भरोसा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *