शिमला
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष व मंडी से सांसद प्रतिभा सिंह ने मंडी संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने से इन्कार कर दिया है।
बुधवार सुबह दिल्ली से शिमला पहुंचीं प्रतिभा सिंह ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि वह चुनाव लड़ने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कहा कि सिर्फ एमपी फंड बांटने से चुनाव नहीं लड़ा जा सकता। हमारा कार्यकर्ता निराश है। प्रतिभा ने कहा कि आज कोई भी सक्रिय कार्यकर्ता नजर नहीं आ रहा जो पार्टी के लिए काम करेगा। चुनाव में पार्टी कार्यकर्ता ही अहम रोल निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वो लगातार फील्ड में रही हैं।उन्होने कहा कि मुझे नहीं लगता कि हमें इन हालातों में सफलता मिलेगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि जो भी प्रत्याशी तय होगा, उसकी मदद करेंगे। उपचुनाव में जीत दिलाना हमारा कर्तव्य है। उपचुनाव के लिए प्रचार करेंगे। सरकार बचाने के लिए उपचुनाव जरूरी हो गए हैं। कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर करना होगा।
बता दें कि लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी तय करने के लिए मंगलवार को कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा नई दिल्ली में मंथन किया गया। कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व रेल राज्य मंत्री भक्त चरणदास की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मौजूद रहे। इसी सप्ताह केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रदेश के चारों टिकट तय हो सकते हैं। छह विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव को लेकर कुछ दिन बाद मंथन करने पर सहमति बनी।