रंगरिक में बालिका छात्रावास के लिए 2 करोड़ रुपये, स्वास्थ्य उपकेंद्र बनेगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र: मुख्यमंत्री

Himachal News

स्पीति,

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्पीति घाटी के रंगरिक में रात्रि प्रवास कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने रंगरिक स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। साथ ही, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रंगरिक में नए बालिका छात्रावास के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने अपने प्रवास के दौरान मंजुश्री में जनसमस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को नजदीक से समझने और उनका समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वह ऐसे क्षेत्रों में रात्रि प्रवास कर रहे हैं।

गांवों में रात्रि प्रवास से सरकार तक पहुंच रही लोगों की आवाज

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सरकार गांव के द्वार’ प्रदेश सरकार का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने को प्राथमिकता दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से सीधे संवाद के दौरान सामने आने वाली जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सरकार विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को बजट में शामिल कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के ऐसे संवेदनशील और दुर्गम क्षेत्रों तक विकास का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है, जो लंबे समय से विकास की मुख्यधारा से अपेक्षाकृत दूर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इससे पहले भी प्रदेश के कई दूरदराज क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं और लोगों से सीधे संवाद के बाद उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

छात्राओं की मांग पर 2 करोड़ रुपये का ऐलान

रंगरिक प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, रंगरिक के बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में रह रही छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।

छात्राओं ने मुख्यमंत्री के समक्ष बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने नए बालिका छात्रावास के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने छात्राओं को आश्वस्त किया कि छात्रावास से जुड़ी अन्य समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा। इनमें छात्रावास की चारदीवारी का निर्माण, दो मल्टी-टास्क वर्करों और एक महिला वार्डन की नियुक्ति तथा पानी की कमी की समस्या को दूर करना शामिल है।

स्वास्थ्य उपकेंद्र होगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत

मुख्यमंत्री ने रंगरिक स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने की घोषणा भी की। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

स्थानीय परिवार के घर किया रात्रि विश्राम

रंगरिक प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय निवासी सोनम फुंसुक के आवास पर रात्रि विश्राम किया। स्थानीय लोगों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और उन्हें स्थानीय व्यंजन परोसे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से संवाद कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास संबंधी जरूरतों की जानकारी भी ली।

वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से किया संवाद

रंगरिक पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने स्थित वृद्धाश्रम का दौरा किया और वहां रह रहे वृद्धजनों से बातचीत की। उन्होंने बुजुर्गों से उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और उनकी आवश्यकताओं को समझा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक और बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर विधायक अनुराधा राणा भी उपस्थित रहीं।