शिमला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए नवनिर्वाचित 3 विधायकों को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया तीनों नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री एवं विधायकों के मौजूद रहने की संभावना है।
बता दें कि देहरा विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी एवं कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश ठाकुर ने भाजपा के होशियार सिंह को 9,399 मतों से पराजित किया है। इसके अलावा नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी हरदीप सिंह बावा ने भाजपा प्रत्याशी केएल ठाकुर को 8,990 मतों से तथा हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के आशीष शर्मा ने कांग्रेस के डा. पुष्पिंदर वर्मा को 1,571 मतों से पराजित किया है। इससे पहले 6 नवनिर्वाचित विधायकों सुधीर शर्मा, इंद्रदत्त लखनपाल, राकेश कालिया, अनुराधा राणा, कैप्टन रणजीत सिंह राणा और विवेक शर्मा ने बीते माह 12 जून को शपथ ली थी। पिछले उपचुनाव में कांग्रेस 4 और भाजपा 2 सीटों पर विजयी रही थी। इस तरह कुल मिलाकर 9 उपचुनावों में कांग्रेस ने 6 और भाजपा ने 3 सीटों पर जीत दर्ज की है।