नूरपुर \ संजीव कुमार,
आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा की अध्यक्षता में बुधवार को नूरपुर में विभिन्न विभागों की योजनाओं, कार्यक्रमों और विकास गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व विधायक अजय महाजन, उपमंडल स्तरीय अधिकारी तथा विभागीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मंत्री गोमा ने स्पष्ट कहा कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का मुख्य उद्देश्य लाभार्थियों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की प्रगति का नियमित रूप से मूल्यांकन किया जाए और जहां भी सुधार की आवश्यकता हो, वहां तुरंत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विभागों को मिलकर काम करने के निर्देश
मंत्री ने कहा कि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बेहद आवश्यक है, ताकि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच सके। युवाओं और खिलाड़ियों के हित में उपलब्ध सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए उन्होंने ठोस और व्यवहारिक कदम उठाने की जरूरत पर बल दिया।
चुनौतियों और समाधान पर विस्तृत चर्चा
बैठक में विभागों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों को साझा किया। मंत्री गोमा ने अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने और प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इन मुद्दों पर हुई विशेष चर्चा
बैठक में निम्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई—
- विद्युत अवसंरचना एवं ट्रांसफॉर्मरों की स्थापना
- स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और सुदृढ़ीकरण
- पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा
- वृद्धावस्था व विधवा पेंशन मामलों की प्रगति
- सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का क्रियान्वयन
- युवाओं के कौशल विकास कार्यक्रम
- ग्रामीण स्तर पर खेल संरचना को मजबूत करना और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना
मंत्री गोमा ने कहा कि सरकार हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में विभागों की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।