हमीरपुर, मीनाक्षी
वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने हमीरपुर जिले के लिए एक बड़े फैसले पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य कैबिनेट द्वारा हमीरपुर में प्रदेश का दूसरा सुपर स्पेशलिटी मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का निर्णय ऐतिहासिक है और यह जिला अब उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं के नए युग में प्रवेश करने जा रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. वर्मा ने बताया कि कैबिनेट बैठक में 9 सुपर स्पेशलिटी विभागों की स्थापना को मंजूरी दी गई है। साथ ही प्रोफेसर, सहायक प्रोफेसर और सीनियर रेजिडेंट सहित 73 पदों को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे यहां स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में अभूतपूर्व सुधार होगा। उन्होंने कहा कि यह संस्थान शिमला के चमियाना में बने पहले सुपर स्पेशलिटी मेडिकल सेंटर के बाद प्रदेश का दूसरा सबसे उन्नत मेडिकल हब बनेगा।
डॉ. वर्मा ने स्मरण दिलाया कि इससे पहले मुख्यमंत्री द्वारा उत्तर भारत के सबसे बड़े कैंसर उपचार संस्थान की सौगात भी हमीरपुर को मिली थी। नया सुपर स्पेशलिटी कॉलेज उसी स्वास्थ्य क्रांति की अगली कड़ी है।
शिक्षा क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण फैसलों का जिक्र करते हुए उन्होंने गवर्नमेंट बॉयज स्कूल और गर्ल्स स्कूल हमीरपुर के एकीकरण और उन्हें आगामी शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई बोर्ड में शिफ्ट करने के निर्णय के लिए भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को बेहतर गुणवत्ता की शिक्षा और अधिक प्रतिस्पर्धी शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
स्वास्थ्य ढांचे को आधुनिक बनाने के प्रयासों की सराहना करते हुए डॉ. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों को अंतरराष्ट्रीय तकनीक से लैस करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रहे हैं। इससे प्रदेशवासियों को उच्च स्तरीय उपचार और अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएँ अपने ही जिले में उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था में परिवर्तन रातों-रात संभव नहीं होता, लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा उठाए जा रहे कदम एक दूरदर्शी स्वास्थ्य नीति और दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिणाम हैं, जो हिमाचल के चिकित्सा क्षेत्र में बड़े बदलावों की शुरुआत का संकेत देते हैं।