नालागढ़,
नालागढ़ नेशनल हाईवे बाईपास पर कॉलेज की छात्राओं से हो रही छेड़छाड़ की घटनाओं ने अब गंभीर रूप ले लिया है। पिछले कई दिनों से लगातार छात्राओं के साथ अशोभनीय हरकतें की जा रही थीं, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने पर मामला तूल पकड़ गया है।
लड़कियों का आरोप है कि कुछ युवक रोजाना उनका पीछा करते हैं, अभद्र टिप्पणियाँ करते हैं और कई बार रास्ता रोकने तक की कोशिश करते हैं। हैरान करने वाली बात यह रही कि एक अधेड़ व्यक्ति ने तो उनके सामने अश्लील हरकत करते हुए निवस्त्र होने तक की कोशिश की। इसकी शिकायत जब कॉलेज प्रिंसिपल और पुलिस को दी गई तो भी कोई निर्णायक कदम नहीं उठाया गया।
इसी लापरवाही के विरोध में आज छात्राओं ने ABVP के बैनर तले एसडीएम कार्यालय में जोरदार रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्राओं ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
छात्राओं ने एसडीएम और डीएसपी को ज्ञापन सौंपकर स्पष्ट मांगें रखीं:
- नालागढ़ बाईपास पर स्थायी पुलिस गश्त तैनात की जाए
- सड़क के दोनों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएँ
- छात्राओं के आने-जाने के समय सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए
डीएसपी भीष्म ठाकुर ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस कर्मियों को बाईपास पर तैनात कर दिया गया है और जल्द ही सीसीटीवी व्यवस्था भी शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी छात्राओं को सुरक्षा उपलब्ध करवाई जाएगी।
लगातार बढ़ते मामलों ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि नालागढ़ बाईपास पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना अब समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।