अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने किया सेवा ब्रिज चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण

Himachal News

सुरक्षा व्यवस्था और वाहन जांच को लेकर स्टाफ को दिए सख्त निर्देश

चम्बा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चम्बा दिनेश शर्मा ने खैरी सैक्टर में जम्मू-कश्मीर सीमा से सटे सेवा ब्रिज चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चेक पोस्ट पर तैनात स्टाफ की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था तथा वाहन निरीक्षण की व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने चेक पोस्ट से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन की गहन जांच-पड़ताल करने और वाहनों की रजिस्टर में विधिवत एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दिनेश शर्मा ने चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस कर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि चम्बा जिला का बड़ा हिस्सा जम्मू-कश्मीर से सटा सीमांत क्षेत्र है, ऐसे में किसी भी अवांछनीय तत्व की घुसपैठ को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

उन्होंने बताया कि चम्बा जिले की लगभग 216 किलोमीटर लंबी सीमा जम्मू-कश्मीर के डोडा और कठुआ जिलों से लगती है। इस पूरे सीमांत क्षेत्र को पुलिस ने किहार, तीसा, पांगी और खैरी सैक्टर में विभाजित कर सघन निगरानी व्यवस्था लागू की है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह निरीक्षण रूटीन सुरक्षा समीक्षा के तहत किया गया है, ताकि सीमांत चेक पोस्टों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया जा सके। उन्होंने स्टाफ से चौकसी बनाए रखने और नियमों का सख्ती से पालन करने का आह्वान किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *