बड़सर।
नशे के बढ़ते प्रचलन के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बुधवार को बड़सर में उपमंडलीय रेडक्रॉस सोसाइटी के नेतृत्व में एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली में शिक्षा विभाग, विभिन्न शिक्षण संस्थानों और अन्य विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
एसडीएम एवं उपमंडलीय रेडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष स्वाति डोगरा ने मिनी सचिवालय परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में एसडीएम स्वयं शामिल हुईं और विद्यार्थियों के साथ कदमताल कर नशा विरोधी संदेश दिया।
रैली मिनी सचिवालय से शुरू होकर बड़सर और मैहरे बाजार से गुजरती हुई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़सर में संपन्न हुई। इसमें विभिन्न स्कूलों, डिग्री कॉलेज, बीएड कॉलेज और एनएफसीआई संस्थान के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम स्वाति डोगरा ने सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने चिट्टा सहित अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि नशे के सेवन और तस्करी को रोकने के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है, इसलिए हर नागरिक को इस मुहिम में आगे आकर सहयोग करना चाहिए।