शिमला के कैथू में विदेशी पर्यटक की संदिग्ध मौत, होटल के कमरे में मिला शव

Himachal News

शिमला ,

राजधानी शिमला के लोअर कैथू क्षेत्र में एक बुजुर्ग विदेशी पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 86 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक बैरी एल्विन मॉस के रूप में हुई है, जो कैथू स्थित एक होटल के कमरे में ठहरे हुए थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार होटल स्टाफ ने बताया कि पर्यटक कमरे से काफी देर तक बाहर नहीं निकले और दरवाजा खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद स्टाफ ने दरवाजा खोला तो वह कमरे के फर्श पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मौके पर प्रारंभिक जांच के दौरान कमरे से आवश्यक सामान कब्जे में लिया गया तथा कमरे को सील कर दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) भेज दिया है, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

पुलिस ने बताया कि मृतक ने थोड़ी मात्रा में शराब का सेवन किया था, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। मामले की सूचना ब्रिटेन दूतावास को दे दी गई है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में हलचल का माहौल है, वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *