हमीरपुर,
भाजपा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर टंडन ने कहा कि प्रो. धूमल का सार्वजनिक जीवन सादगी, पारदर्शिता और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण है। प्रदेश के विकास और संगठन सुदृढ़ीकरण में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे वरिष्ठ और अनुभवी नेतृत्व का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा का स्रोत है। प्रो. धूमल की दूरदर्शिता और स्पष्ट सोच ने हिमाचल को नई दिशा दी और जनहित के मुद्दों पर उनका दृष्टिकोण सदैव सकारात्मक रहा है।
पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत पर फोकस
संजय टंडन ने केंद्र सरकार के बजट 2026-27 का उल्लेख करते हुए बताया कि देशभर में पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएँ शुरू की जा रही हैं। पूर्वोत्तर राज्यों में तीर्थ स्थलों का विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से पर्यटन को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भारत ‘ग्लोबल बिग कैट समिट’ की मेजबानी कर रहा है, जिससे पर्यावरण आधारित पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। साथ ही 4000 ई-बसों के संचालन और नए पर्यटन केंद्रों के विकास से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
हिमाचल के लिए सुनहरा अवसर
टंडन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक धरोहर के कारण देश का प्रमुख पर्यटन राज्य है। यदि प्रदेश सरकार केंद्र की योजनाओं का लाभ उठाए तो पर्यटन, चिकित्सा पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में राज्य नई ऊंचाइयाँ छू सकता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य के समन्वय से हिमाचल प्रदेश वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान बनाएगा। “जहाँ चाह वहाँ राह” के संदेश के साथ उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।