हमीरपुर,
जिला हमीरपुर के समीरपुर स्थित आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार धूमल ने होली का पर्व बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, समर्थक और शुभचिंतक दिनभर उनके आवास पर पहुंचते रहे और उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं।
होली के अवसर पर समीरपुर में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल रहा। हमीरपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रो. धूमल से मुलाकात कर एक-दूसरे को होली की बधाई दी और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
इस दौरान प्रो. धूमल ने रंगों के बजाय फूलों की पंखुड़ियों से लोगों का स्वागत किया और पुष्प वर्षा कर सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली का पर्व प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देता है और यह त्योहार लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एकता और सद्भाव को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और समर्थकों को होली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व जीवन में सकारात्मकता, उल्लास और नई ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में त्योहार समाज को जोड़ने का काम करते हैं और आपसी विश्वास व प्रेम को मजबूत बनाते हैं।
प्रो. धूमल ने कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए और प्रदेश तथा देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।