नगर परिषद ठियोग देश के शीर्ष 20 शहरी स्थानीय निकायों में शामिल, शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राष्ट्रपति से ग्रहण किया पुरस्कार
शिमला/नई दिल्ली,
स्वच्छता और शहरी विकास के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत नगर परिषद ठियोग ने देश के शीर्ष 20 शहरी स्थानीय निकायों में जगह बनाकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि के लिए शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नई दिल्ली में आयोजित समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किया।
खास बात यह है कि हिमाचल प्रदेश को पहली बार राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति में इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया है। इसे प्रदेश में शहरी स्वच्छता, सफाई व्यवस्था और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है।
सामूहिक प्रयासों से मिली सफलता : विक्रमादित्य सिंह
शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ, हरित और टिकाऊ विकास का उदाहरण बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए शहरी स्थानीय निकायों की कार्यप्रणाली में सुधार, नियमित निगरानी और विभिन्न स्तरों पर समन्वय को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय शहरी विकास विभाग, शहरी विकास निदेशालय, नगर निकायों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सफाई कर्मियों और स्थानीय नागरिकों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि ठियोग नगर परिषद की सफलता सभी संबंधित पक्षों की मेहनत, समर्पण और जनभागीदारी का परिणाम है।
स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के साथ-साथ कचरा प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ करने और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के सभी शहरी स्थानीय निकाय स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और जनसहभागिता के क्षेत्र में बेहतर मानक स्थापित करें। इससे आने वाले स्वच्छ सर्वेक्षणों में हिमाचल प्रदेश का प्रदर्शन और मजबूत हो सकेगा।
क्या है स्वच्छ सर्वेक्षण?
स्वच्छ सर्वेक्षण भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से वर्ष 2016 में शुरू किया गया वार्षिक स्वच्छता मूल्यांकन अभियान है। इसके माध्यम से देशभर के शहरी स्थानीय निकायों का स्वच्छता, साफ-सफाई और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के आधार पर आकलन कर रैंकिंग निर्धारित की जाती है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहरों और नगर निकायों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना तथा स्वच्छ एवं टिकाऊ शहरी व्यवस्था विकसित करना है। स्वच्छ सर्वेक्षण के अब तक आयोजित नौ संस्करणों में हिमाचल प्रदेश ने लगातार अपनी भागीदारी दर्ज करवाई है और विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार एवं सम्मान हासिल किए हैं।
इस अवसर पर शहरी विकास विभाग के निदेशक नीरज कुमार भी उपस्थित रहे।