मंडी।
विधायक इंदर सिंह गांधी ने बल्ह विधानसभा क्षेत्र के गुरकोठा स्थित ब्रांच पोस्ट ऑफिस को लेदा स्थानांतरित करने के फैसले पर कड़ा विरोध जताया है। इस संबंध में उन्होंने हिमाचल प्रदेश सर्कल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, शिमला को पत्र लिखकर गुरकोठा में तुरंत नया ब्रांच पोस्ट ऑफिस स्थापित करने की मांग उठाई है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा कि गुरकोठा में संचालित ब्रांच पोस्ट ऑफिस करीब 50 वर्षों से स्थानीय लोगों को डाक सेवाएं उपलब्ध करवा रहा है। यह डाकघर न केवल ग्राम पंचायत कोठी बल्कि आसपास की सात अन्य पंचायतों के लोगों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण सुविधा रहा है। यहां से डाक वितरण के साथ-साथ बचत बैंक, आधार-पैन से जुड़े लेन-देन और अन्य आवश्यक सेवाएं भी प्रदान की जाती रही हैं।
उन्होंने कहा कि पोस्ट ऑफिस को लेदा स्थानांतरित करने के फैसले से क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों को अब आवश्यक सेवाओं के लिए दूर जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी कारण प्रभावित ग्रामीणों ने विरोध स्वरूप धरना भी शुरू कर दिया है, जो लगातार जारी है।
विधायक इंदर सिंह गांधी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रशासनिक कारण से डाकघर को लेदा में स्थानांतरित करना अनिवार्य है, तो गुरकोठा में जल्द से जल्द नया ब्रांच पोस्ट ऑफिस स्थापित किया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय जनता को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि गुरकोठा और आसपास के क्षेत्रों की जनता लंबे समय से इस डाकघर पर निर्भर रही है और इसका स्थानांतरण उनके लिए बड़ा झटका है। उन्होंने डाक विभाग से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।