शिमला,
अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और विशेष रूप से सक्षम लोगों के सशक्तिकरण विभाग (इसोमसा) ने प्रदेश के अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि यह प्रशिक्षण प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) के तहत संचालित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम को नाइलिट शिमला के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत युवाओं को आधुनिक तकनीक और रोजगार से जुड़े कई कौशल आधारित पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रवक्ता के अनुसार इस योजना के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी के कॉन्सेप्ट्स, ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग और पब्लिशिंग असिस्टेंट जैसे पाठ्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कोर्स के लिए किसी भी विषय में स्नातक होना आवश्यक है, जबकि अन्य पाठ्यक्रमों के लिए किसी भी संकाय से 12वीं पास युवा पात्र होंगे।
ये सभी प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तीन माह की अवधि के लिए आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान पात्र प्रशिक्षुओं को योजना के प्रावधानों के अनुसार प्रति माह 2000 रुपये का वजीफा भी दिया जाएगा।
प्रवक्ता ने बताया कि प्रशिक्षण नाइलिट के अनुमोदित केंद्रों में आयोजित किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी नाइलिट की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित जिले के जिला कल्याण अधिकारी या निकटतम नाइलिट केंद्र से भी अधिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।