सरकारी जंगल से चोरी की खैर की लकड़ी से भरी गाड़ी पकड़ी, वन विभाग की कार्रवाई

Himachal News

ऊना,

हिमाचल प्रदेश वन विभाग ने सरकारी जंगल से अवैध रूप से काटी गई खैर की लकड़ी से भरी एक गाड़ी को पकड़ा है। यह मामला अंब थाना क्षेत्र के लडोली गांव में सामने आया है, जहां वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार वन रक्षक पूनम ढिल्लों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान लडोली क्षेत्र में एक गाड़ी में खैर की लकड़ी (हार्टवुड) लदी हुई पाई गई।

निरीक्षण के दौरान पास ही स्थित एक लेबर शेड में भी बड़ी मात्रा में खैर की लकड़ी स्टोर की हुई मिली। जांच में यह शेड शमीम अख्तर पत्नी सिकंदर हयात, निवासी पंजोआ गांव, तहसील अंब, जिला ऊना के नियंत्रण में पाया गया।

वन विभाग के अनुसार संभावना है कि अज्ञात लोगों ने आसपास की सरकारी वन भूमि से खैर के पेड़ों को अवैध रूप से काटकर राज्य की संपत्ति की चोरी की है और इसके परिवहन व भंडारण के लिए वाहन तथा शेड का इस्तेमाल किया जा रहा था।

वन विभाग की शिकायत पर हिमाचल प्रदेश पुलिस ने शमीम अख्तर और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम व अन्य संबंधित धाराओं के तहत पुलिस थाना अंब में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *