शिमला,
हिमाचल प्रदेश पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही मुहिम के तहत एक अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया गया है।
कठुआ से दबोचा गया मुख्य आरोपी
सीआईए नूरपुर की टीम ने आरोपी को कठुआ (जम्मू-कश्मीर) से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार यह गिरोह हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में सक्रिय था।
6 किलो से ज्यादा चरस बरामद
मामले की शुरुआत 11 अक्टूबर 2025 को कंडवाल बैरियर पर नाका चेकिंग के दौरान हुई, जब पुलिस ने 6.044 किलोग्राम चरस बरामद कर मंडी के तीन आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार किया था।
जांच में खुला बड़ा नेटवर्क
गहन जांच के दौरान मुख्य आरोपी शुभकरण (जिला कांगड़ा) को पहले चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया। आगे की जांच में सामने आया कि नशीले पदार्थ की खेप कठुआ निवासी विजय कुमार उर्फ वी.के. को सौंपी जानी थी, जिसे अब उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है।
तीन राज्यों के नेटवर्क को झटका
इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर से जुड़े बड़े नशा तस्करी नेटवर्क को करारा झटका दिया है।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।