बद्दी (सोलन),
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश के हर नागरिक को शुद्ध पेयजल और हर खेत तक सिंचाई योग्य जल पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वह बद्दी में विश्व जल दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय जल महोत्सव को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि जल शक्ति विभाग इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर कार्यरत है और वर्तमान में प्रदेश में 10 हजार से अधिक जल योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं।
दून और नालागढ़ को मिली बड़ी सौगात
उप-मुख्यमंत्री ने दून और नालागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में ट्यूबवेल संवर्धन व स्थापना के लिए 2-2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही दोनों क्षेत्रों में विभाग के सुचारू संचालन के लिए 50-50 अतिरिक्त पद भरने का आश्वासन भी दिया।
जल परियोजनाओं पर हजारों करोड़ का निवेश
उन्होंने बताया कि प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत लगभग 6 हजार करोड़ रुपये की योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं, जबकि 1227 करोड़ रुपये केंद्र सरकार से लंबित हैं। इसके अलावा सभी विधानसभा क्षेत्रों में शुद्ध जल उपलब्ध करवाने के लिए 2 हजार करोड़ रुपये की नई योजना तैयार की जा रही है।
जल संकट से निपटने की तैयारी
मुकेश अग्निहोत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए जलापूर्ति के लिए समुचित और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र में पानी की कमी न हो।
परिवहन और सड़क विकास पर भी फोकस
उन्होंने कहा कि नालागढ़-बद्दी फोरलेन का मुद्दा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष उठाया जाएगा। साथ ही प्रदेश में 297 इलेक्ट्रिक और 250 डीजल बसें खरीदी जा रही हैं, जिनका लाभ दून और नालागढ़ क्षेत्र को भी मिलेगा।
जल संरक्षण पर दिया जोर
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि “जल ही जीवन का आधार है” और सभी नागरिकों को जल संरक्षण के प्रयासों में भागीदार बनना चाहिए। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर जल वितरण प्रणाली को सुदृढ़ करने और ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क जल उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात भी कही।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान
कार्यक्रम में जल प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को ‘नीर नारी सम्मान’ तथा विभाग के कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही ग्राम पंचायत बसाल और पंजैहरा को जल योजनाओं के बेहतर संचालन के लिए सम्मानित किया गया।