हमीरपुर।
हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर की अध्यक्षता में आयोजित 54वीं निदेशक मंडल बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 211.47 करोड़ रुपये के वार्षिक बजट को मंजूरी दी गई।
105 करोड़ सामाजिक कल्याण योजनाओं पर खर्च
बैठक में निर्णय लिया गया कि बजट का 105 करोड़ रुपये हिस्सा विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं के तहत पंजीकृत श्रमिकों के हित में खर्च किया जाएगा।
कौशल विकास के लिए 5 करोड़ का प्रावधान
अध्यक्ष ने बताया कि श्रमिकों और उनके आश्रितों को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध करवाने के लिए कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों हेतु 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही, योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) गतिविधियों पर भी जोर दिया जाएगा।
मुख्यालय होगा नए भवन में शिफ्ट
बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि बोर्ड का मुख्यालय पुराने एसडीएम कार्यालय से स्थानांतरित कर हमीरपुर के नए बस स्टैंड स्थित निर्माणाधीन भवन में स्थापित किया जाएगा, जिससे कार्यप्रणाली और सेवाओं में सुधार आएगा।
100 ‘श्रमिक मित्र’ होंगे नियुक्त
श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए 100 ‘श्रमिक मित्र’ आउटसोर्स आधार पर नियुक्त करने को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा सभी पात्र लाभार्थियों को हिमकेयर योजना से जोड़ने का भी निर्णय लिया गया।
पेंशन योजनाओं में पारदर्शिता पर जोर
बैठक में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग पेंशन और बेटी जन्म योजना को ई-समोसा (e-SOMSA) प्लेटफॉर्म के साथ एकीकृत करने का फैसला लिया गया, जिससे योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
ई-केवाईसी और दावों के निपटान में तेजी
अध्यक्ष ने श्रमिकों के ई-केवाईसी, भौतिक सत्यापन और दावों के समयबद्ध निपटान की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बोर्ड के सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव कुमार सहित अन्य सरकारी और गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।