बदलाव के लिए तैयार असम, कांग्रेस सरकार बनाने की अपील: मुख्यमंत्री सुक्खू

Himachal News

गुवाहाटी,

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने असम में कांग्रेस के पक्ष में जोरदार चुनाव प्रचार करते हुए कहा कि राज्य की जनता अब बदलाव चाहती है और इस बार कांग्रेस सरकार बनना तय है।

कई सीटों पर किया धुआँधार प्रचार

मुख्यमंत्री ने जलेश्वर और सेंगा विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भाजपा की नीतियों से परेशान होकर इस बार कांग्रेस को मौका दें।

भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

सुक्खू ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर रहा और जनता की संपदा का दुरुपयोग हुआ। उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस सरकार बनने पर सभी मामलों की निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

विकास और अर्थव्यवस्था पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा शासन में असम विकास की दौड़ में पिछड़ गया है और राज्य की अर्थव्यवस्था पर भी नकारात्मक असर पड़ा है।

जुबीन गर्ग मामले में न्याय का वादा

उन्होंने प्रसिद्ध गायक जुबीन गर्ग की संदिग्ध मौत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अब तक की कार्रवाई से जनता संतुष्ट नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस सरकार बनने के 100 दिनों के भीतर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

कांग्रेस के वादों की दी जानकारी

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के घोषणा-पत्र का जिक्र करते हुए कई जनकल्याणकारी वादे गिनाए—

  • महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए 50,000 रुपये की सहायता
  • बुजुर्गों को 1,250 रुपये मासिक पेंशन
  • प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देशहित और जनहित में काम करने वाली पार्टी है और जनता से किए गए हर वादे को पूरा करेगी।