पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ NH निर्माण में देरी पर सियासत तेज, कश्यप ने साधा निशाना

Himachal News

प्रदेश सरकार की लापरवाही से रुका NH-105 निर्माण, ठेकेदार ने छोड़ा काम: सुरेश कश्यप

शिमला,

पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-105) के निर्माण में हो रही देरी को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा सांसद सुरेश कश्यप ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार की लापरवाही और ढुलमुल रवैये के कारण यह महत्वपूर्ण परियोजना ठप पड़ गई है।

उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को उन्होंने लोकसभा में नियम 377 के तहत उठाया था, जिसके बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से मिली जानकारी में सामने आया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को EPC कॉन्ट्रैक्टर M/s Patel Infrastructure के साथ किया गया अनुबंध समाप्त करना पड़ा।

कश्यप के अनुसार, परियोजना में सबसे बड़ी बाधा भूमि अधिग्रहण में देरी रही। उन्होंने कहा कि मार्च 2025 तक भी भूमि का पूरा हस्तांतरण नहीं हो पाया, जिससे निर्माण कार्य समय पर शुरू ही नहीं हो सका और अंततः ठेकेदार को काम छोड़ना पड़ा।

उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की कमी, आवश्यक अनुमतियों में देरी और प्रशासनिक निष्क्रियता के चलते परियोजना लगातार पिछड़ती रही। इसके अलावा हरियाणा में खनन अनुमति मिलने में लगभग एक वर्ष की देरी, उच्च वोल्टेज बिजली लाइनों की शिफ्टिंग में बाधा और 2023 की भारी बारिश जैसी परिस्थितियों ने भी काम को प्रभावित किया।

सांसद कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय है। उन्होंने बताया कि नई निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और सड़क के रखरखाव के लिए O&M एजेंसियां तैनात की गई हैं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि करीब 30.300 किलोमीटर लंबे इस राष्ट्रीय राजमार्ग का 17 किलोमीटर हिस्सा हिमाचल प्रदेश में आता है और यह औद्योगिक क्षेत्र के लिए जीवनरेखा के समान है। ऐसे में इसका रुकना प्रदेश के विकास के लिए बड़ा झटका है।

कश्यप ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस केवल श्रेय लेने की राजनीति कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और प्रदेश के हितों से कोई समझौता नहीं होने देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *