बद्दी,
हिमाचल प्रदेश में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस एवं ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने बद्दी के सालासर कॉम्प्लेक्स में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित एवं नशीली दवाइयां बरामद की हैं।
संयुक्त टीम द्वारा 8 मई 2026 को की गई छापेमारी के दौरान कुल 2,23,084 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इनमें Tramadol Hydrochloride की 1,61,920 गोलियां तथा Alprazolam (Atrox-0.5) की 61,164 गोलियां शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान शिव पूजन प्रजापति निवासी उत्तर प्रदेश और अनुराग शुक्ला निवासी कानपुर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस एवं परमिट के प्रतिबंधित दवाइयों का अवैध भंडारण और कारोबार कर रहे थे।
बरामद नशीली दवाइयों को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की आगामी जांच जारी है।
इसके अतिरिक्त मौके से भारी मात्रा में अन्य संदिग्ध एवं अवैध दवाइयां भी बरामद हुई हैं, जिनके संबंध में ड्रग विभाग द्वारा ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत अलग से कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों और अवैध दवा कारोबारियों के खिलाफ ऐसी कठोर और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।