जनगणना-2027 में बढ़-चढ़कर भाग लें प्रदेशवासी, मुख्यमंत्री ने की अपील

Himachal News

शिमला,

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों से जनगणना-2027 के तहत चल रहे स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री ने स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर इस राष्ट्रीय अभियान में भाग लिया।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश की जनगणना संचालन निदेशक दीप शिखा शर्मा और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया, इसकी प्रमुख विशेषताओं तथा नागरिकों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था और विकास की आधारशिला है। इससे जनसंख्या, परिवारों की स्थिति, आवास, संसाधनों और सार्वजनिक सेवाओं तक पहुंच से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े प्राप्त होते हैं, जिनके आधार पर विकास योजनाएं और जनकल्याणकारी नीतियां तैयार की जाती हैं।

उन्होंने प्रदेशवासियों से 15 जून 2026 तक अपनी स्व-गणना पूरी करने का आग्रह करते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में जनगणना-2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिसमें गृह सूचीकरण एवं आवास जनगणना की जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण में जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी। गणनाकर्ता और पर्यवेक्षक मोबाइल उपकरणों के जरिए घरों और परिवारों से संबंधित जानकारी एकत्रित करेंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और सटीक बनेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के दुर्गम और बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में जनसंख्या गणना 11 से 30 सितंबर 2026 तक होगी, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह कार्य 9 से 28 फरवरी 2027 के बीच संपन्न किया जाएगा।

उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे जनगणना अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और गणनाकर्ताओं को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाकर इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।

इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक कमलेश ठाकुर तथा मुख्यमंत्री के सचिव आशीष सिंहमार भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *