चम्बा,
चम्बा जिले के सलूणी विकास खंड में पंचायत समिति (बीडीसी) अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनावों में हो रही देरी को लेकर जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) मंडल सलूणी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कार्यकारी एसडीएम सलूणी के माध्यम से उपायुक्त चम्बा को ज्ञापन सौंपकर चुनाव जल्द करवाने की मांग की है।
भाजयुमो मंडल अध्यक्ष कृष्णा पंडित के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जिले के अन्य सभी विकास खंडों में पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव संपन्न हो चुके हैं, जबकि सलूणी में 25 दिन बीत जाने के बाद भी चुनाव प्रक्रिया लंबित है। इससे क्षेत्र के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता में असंतोष बढ़ रहा है।
शनिवार तक का अल्टीमेटम
भाजयुमो ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि शनिवार तक पंचायत समिति सलूणी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव नहीं करवाए गए तो क्षेत्र में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। संगठन ने चक्का जाम और एसडीएम कार्यालय के घेराव की चेतावनी देते हुए कहा कि इसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा।
लोकतंत्र की हत्या का आरोप
भाजयुमो अध्यक्ष कृष्णा पंडित और जिला सचिव अनिल कुमार ने संयुक्त बयान में कहा कि चुनाव प्रक्रिया में अनावश्यक देरी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि देरी के कारण बीडीसी सदस्यों की खरीद-फरोख्त की आशंकाएं बढ़ रही हैं और पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आंदोलन में डल्हौजी भाजपा भी शामिल होगी
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते चुनाव नहीं करवाए गए तो डल्हौजी भाजपा और क्षेत्र के कार्यकर्ता भी आंदोलन में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजयुमो के कई पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।