शिमला ,
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने हिमाचल प्रदेश में रह रहे पश्चिम बंगाल के लोगों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने युवाओं को सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और मूल्यों से जोड़ने का आह्वान किया ताकि देश की समृद्ध संस्कृति का संरक्षण और संवर्धन हो सके।
लोक भवन में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के तहत पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष ‘मिलन कार्यक्रम’ में राज्यपाल ने हिमाचल में रह रहे पश्चिम बंगाल के नागरिकों का पारंपरिक हिमाचली टोपी और मफलर भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने पश्चिम बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, साहित्य, कला, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में उसके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि अपने गृह राज्यों से दूर रह रहे लोगों को ऐसे आयोजनों के माध्यम से अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहने का अवसर मिलता है। राज्यपाल ने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना देश की भाषाई, सांस्कृतिक और क्षेत्रीय विविधता को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करती है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने पश्चिम बंगाल की संस्कृति, त्योहारों, साहित्य, कला और खान-पान की विशेषताओं को भी साझा किया। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज भी उपस्थित रहे।